भीलवाड़ा शहर के आजादनगर चौराहे के पास सोमवार रात एक किशोर को रास्ते से गुजरने पर टोकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई, जिसमें चाकूबाजी हो गई। इस झगड़े में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गली से गुजरने पर युवक को टोका, हुआ विवाद प्रतापनगर थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि आजादनगर चौराहा क्षेत्र में शिव मंदिर के पास सोमवार रात करीब 9:30 बजे गांधीनगर निवासी एक किशोर गली से गुजर रहा था। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों ने उसे वहां से गुजरने को लेकर बेवजह टोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। किशोर ने इसकी सूचना अपने परिचितों को दी, जिसके बाद गांधीनगर क्षेत्र से करीब 15 से 20 युवक मौके पर पहुंच गए। विवाद बढ़ा, महिलाओं से भी मारपीट पुलिस के अनुसार शिव मंदिर के पास रहने वाले चिनू ढोली और कल्लू के घर में घुसने को लेकर झगड़ा और बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं से भी मारपीट की गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी और चाकू से हमला कर दिया। इस झगड़े में गांधीनगर निवासी आवेश रंगरेज, तनवीर आलम, मोहम्मद आरिफ सहित दूसरे पक्ष के भी एक-दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। मौके और अस्पताल पहुंची पुलिस चाकूबाजी और हंगामे की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस आयुष श्रोत्रिय, डीएसपी भवानी सिंह और प्रतापनगर सीआई राजपाल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से घटना की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। इलाके में तनाव, पुलिस जाप्ता तैनात घटना के बाद मौके और अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


