रीवा के शिखाकांड और युवक से बर्बरता पर सियासत:सपा प्रमुख अखिलेश बोले- भाजपाई नफरत फैला रहे; पीड़ित को जान का खतरा

रीवा के शिखाकांड और युवक से बर्बरता पर सियासत:सपा प्रमुख अखिलेश बोले- भाजपाई नफरत फैला रहे; पीड़ित को जान का खतरा

रीवा के बहुचर्चित शिखा कांड और यादव युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज के भीतर नफरत और वैमनस्य फैला रही है। यह मामला अब देशभर में ट्रेंड कर रहा है और कई राजनैतिक लोग पीड़ित से मिलने पहुंच रहे हैं। इधर, पीड़ित रोहित यादव ने आरोपी दीपक पांडेय से खुद को खतरा बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में बैकुंठपुर थाना पुलिस ने मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। अखिलेश यादव ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां समाज के बीच ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जिससे लोग आपस में ही दुर्भावनापूर्ण व्यवहार करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि रीवा में यादव युवक के साथ हुई मारपीट केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे समाज को बांटने की सोच भी झलकती है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि तथाकथित राष्ट्रवादी दरअसल “राष्ट्रविवादी” हैं, जो समाज के अंदर फूट डालकर, विवाद खड़े कर सत्ता बनाए रखना चाहते हैं। पुलिस कार्रवाई के वक्त कोई साथ नहीं आता सपा प्रमुख ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि नफरत की राजनीति में फंसकर लोग ऐसे कृत्य कर बैठते हैं, जिनका अंजाम अंततः पुलिस कार्रवाई के रूप में सामने आता है। उस वक्त न तो कोई भाजपाई साथ खड़ा होता है और न ही सत्ता का कोई संरक्षण काम आता है। यादव युवक के साथ जो हुआ, वह इसी नफरत की राजनीति का नतीजा है। कुर्सी बचाने के लिए जिंदा रखते हैं भेदभाव उन्होंने कहा कि समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना वही लोग जिंदा रखना चाहते हैं, जो सत्ता की ऊंची कुर्सी पर टिके रहना चाहते हैं। अखिलेश के मुताबिक, समाज और राष्ट्र का सच्चा हित चाहने वाले लोग यादव, ब्राह्मण या किसी भी वर्ग को आपस में लड़ाते नहीं, बल्कि जोड़ने का काम करते हैं। आरोपी अपने कृत्य पर पछतावा करें रीवा शिखा कांड और यादव युवक से मारपीट के आरोपियों को लेकर अखिलेश यादव ने अपील की कि वे सत्ताधारी दल की राजनीति को समझें, अपने कृत्य पर पछतावा जताएं और पीड़ित से क्षमायाचना करें। उन्होंने कहा कि समाज की एकता से ही राष्ट्र मजबूत बनता है। प्रतिक्रिया का रास्ता विनाश की ओर अपने संदेश के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतिक्रिया का रास्ता विनाश की ओर ले जाता है। यदि दुष्क्रिया का त्याग किया जाए, तो प्रतिक्रिया की नौबत ही नहीं आएगी। उन्होंने लोगों से नफरत से दूर रहने और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *