जयपुर | अरावली से जुडे 20 जिलों में अवैध खनन के खिलाफ सरकारी अभियान के तीन दिन शेष बचे है। ऐसे में विभाग ने दो सप्ताह का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान में दो सप्ताह में 1132 कार्रवाई करते हुए 7 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है। पुलिस में 264 एफआईआर दर्ज हुई हैं। वहीं 90 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। 61800 टन से अधिक अवैध भण्डारित खनिज जब्त किया गया है। अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त 55 एक्सक्वेटर, जेसीबी, पोकलेन मशीन आदि व 983 वाहनों में डंपर-ट्रेक्टर ट्रॉली आदि जब्त की हैं। अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई भीलवाड़ा जिले में हुई। जयपुर में 85 कार्रवाई हुई हैं। इसमें 2 एक्सक्वेटर और 79 वाहन जब्त किए हैं। सर्वाधिक जुर्माना राशि 86 लाख 17 हजार खनिज अभियंता जयपुर ने वसूली है।


