रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में दहेज प्रथा का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां शादी की तारीख तय होने और गोद भराई की रस्म पूरी होने के बावजूद बोलेरो की मांग को लेकर एक युवती का रिश्ता तोड़ दिया। पीड़िता की मां ने मामले में न्याय की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की मां के अनुसार, 5 सितंबर 2025 को थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के अगमपुर निवासी दीपक सागर अपने परिजनों के साथ उनके घर आए थे। इसी दौरान दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ और गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इसके बाद 10 फरवरी 2026 को शादी की तारीख तय की गई। शादी तय होने के बाद पीड़िता का परिवार तैयारियों में जुट गया और दान-दहेज का सामान भी खरीद लिया गया। शादी से पहले रखी गई नई शर्त पीड़िता पक्ष का आरोप है कि 8 जनवरी 2026 को अचानक युवक पक्ष की ओर से बोलेरो कार की मांग रख दी गई। साफ शब्दों में कहा गया कि यदि बोलेरो कार नहीं दी गई तो शादी नहीं होगी। इस नई शर्त से पीड़िता का परिवार सदमे में आ गया। पीड़िता की मां ने बताया कि वह मजदूरी कर बेटी की शादी का सामान जुटा पाई हैं, लेकिन बोलेरो कार देना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दहेज की इस मांग के कारण उनकी बेटी का भविष्य संकट में पड़ गया है। पीड़िता पक्ष ने उसी दिन संबंधित थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले से अधिकारियों को अवगत कराया। एसपी ने दिए जांच के निर्देश मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना पुलिस को दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि आपसी समझौता नहीं होता है, तो दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


