मेरठ फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित दुर्गा सिंह ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड पर खेले गए दोनों मैच बराबरी पर खत्म हुए। प्रतियोगिता का यह छठा दिन रहा। पहला मुकाबला एमवाईएफए एफसी और एमएफए एफसी के बीच खेला गया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया और गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। नतीजतन मैच बिना गोल के ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दूसरा मैच ईलाइट एफसी और रज्जन स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। पहले हॉफ के 20वें मिनट में रज्जन स्पोर्टिंग के पूर्व चौधरी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मैच के 30वें मिनट में ईलाइट एफसी के आराध्य ने गोल दागकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। अंत में यह मैच भी 1-1 से ड्रॉ में रहा। आज के मैच के मुख्य अतिथि पहले मैच के मुख्य अतिथि तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह बघेल रहे, जबकि दूसरे मैच में पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी राजीव चौधरी मुख्य अतिथि रहे। दोनों मैचों में निर्णायक की भूमिका दानिश अहमद, गुरदेव सिंह, प्रिंस, रावत और ललित वर्मा ने निभाई। निर्णायक पैनल में वरिष्ठ खिलाड़ी अमरजीत सिंह बाबू, सुधीर भटनागर, आकाश भटनागर, विक्रांत राजपूत और अर्पण शामिल रहे। मैन ऑफ द मैच पहले मुकाबले में एमवाईएफए एफसी के मोहम्मद सिराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में रज्जन स्पोर्टिंग के पूर्व चौधरी को यह सम्मान मिला। उन्हें मुख्य अतिथि राजीव चौधरी ने पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी स्व. रविंद्र सिंह उर्फ टीटू पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संघ और खिलाड़ियों की उपस्थिति मैच के दौरान मेरठ फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गौरव सिंह, सचिव ललित पंत, सह सचिव हरीश ठाकुर सहित वरिष्ठ खिलाड़ी जय सिंह, वेद प्रकाश, अशोक भटनागर, पॉल थॉमस, राजेंद्र सिंह रंजन, सतीश कुमार सिंह, कौशल यादव और अन्य खिलाड़ी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।


