संभल में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। भारतीय इतिहास संकलन समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 युवा प्रतिभाओं को विवेकानंद अलंकरण से सम्मानित किया गया। यह समारोह नगर के आर्य समाज मंदिर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता, सुशील कुमार गुप्ता ‘भगत जी’, मीनू रस्तोगी, कमल कांत तिवारी और नेहा मलय ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया। मुख्य वक्ता सुशील कुमार गुप्ता ‘भगत जी’ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।’ उन्होंने युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव से मार्गदर्शन लेने और धर्म, समाज तथा राष्ट्र सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, जिससे भारत विश्वगुरु बन सके। मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की। समिति के जिला संरक्षक डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताया। इस अवसर पर पीयूष गुप्ता, हर्षित शर्मा, मयंक कुमार, कशिश कौशल, पीयूष वर्मा, वैभव गुप्ता, पंकज सांख्यधर, सत्यवीर सिंह पाल, शोभित शास्त्री, डॉ. सारा सक्सेना, डॉ. संकल्प त्रिवेदी, प्रिंस शर्मा एडवोकेट, अंकुश त्यागी, विकास कुमार वर्मा, स्वाति गुप्ता, आकाश गर्ग, गौरी शंकर चौधरी, राजेंद्र सिंह और सुबोध पाल सहित कुल 20 युवाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर, भगवा पटका पहनाकर और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया। समारोह का समापन सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।


