यमुना में चलने वाला है लग्जरी क्रूज! दिल्ली वालों को जल्द मिलेगा नदी में घूमने का मजा, जानें फैसिलिटीज और रूट

यमुना में चलने वाला है लग्जरी क्रूज! दिल्ली वालों को जल्द मिलेगा नदी में घूमने का मजा, जानें फैसिलिटीज और रूट

Yamuna River Cruise: दिल्ली में रहने वाले लोगों को जल्द ही यमुना नदी में घूमने का मौका मिलने वाला है। दिल्ली सरकार अगले महीने से यमुना नदी में क्रूज सर्विस देने जा रही है। इस योजना पर लंबे समय से काम चल रहा था जो अब पूरा होने जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे टूरिज्म को बढ़ावा मिलने वाला है और साथ ही दिल्ली के लोगों को भी अपने ही शहर में एक अलग अनुभव लेने को मिलेगा। यमुना नदी के टूरिज्म का एक सेंटर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुंबई से रवाना होने वाला है क्रूज

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मुंबई जाकर क्रूज का निरीक्षण किया गया है। क्रूज लगभग बनकर तैयार है। आगे उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को क्रूज मुंबई से दिल्ली के लिए निकलने वाला है। चार से पांच दिन के बाद यह दिल्ली पहुंच जाएगा। दिल्ली लाने के बाद उसमें इंजन लगाने और बाकी जरूरी काम पूरे किए जाएंगे। उसके बाद सोचा गया है कि रेखा गुप्ता से फरवरी में समय लेकर क्रूज सर्विस को आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

क्या-क्या मिलेंगी सर्विसेज?

कपिल मिश्रा ने बताया कि इस क्रूज में घूमने के साथ-साथ पर्यटकों को और भी सुविधाएं मिलेंगी। सरकार ने पूरी कोशिश की है कि कम पैसों में आम लोगों को ज्यादा से ज्यादा लग्जरी फील दिया जाए। इस क्रूज से घूमते समय यात्रियों के लिए खाने-पीने, म्यूजिक और मनोरंजन के सभी इंतजाम किए जाएंगे। आगे मंत्री ने कहा कि दिल्ली में बहुत बदलाव देखने को मिल रहे हैं और यह क्रूज भी उसी बदलाव का हिस्सा है। लोगों को इस क्रूज से इंटरनेशनल एक्सपीरियंस मिलने वाला है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि यात्रा करते समय बहुत सी एक्टिविटीज भी करवाई जाएंगी।

क्रूज का रूट क्या होगा?

क्रूज को यमुना के सोनिया विहार से जगतपुर वाले हिस्से में चलाया जाएगा। यह यमुना नदी का वही इलाका माना जाता है जहां पानी की स्थिति बाकी इलाकों से बेहतर है। इसका रूट लगभग 8 किलोमीटर लंबा है जिसे पूरा करने में एक घंटे का समय लगने वाला है। इस क्रूज में एक साथ 40 लोग सफर कर सकेंगे। इसमें यात्रा करने के लिए सरकार अलग-अलग पैकेज लाने की तैयारी कर रही है ताकि हर वर्ग के लोग इसका आनंद उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *