सिवनी जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में लखनादौन पुलिस को दोपहर में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपए है। लखनादौन थाना प्रभारी निरीक्षक कीरत प्रसाद धुर्वे ने बताया कि थाना लखनादौन में पूर्व में दर्ज दो बाइक चोरी के मामलों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी।प्रार्थी धर्मेंद्र पिता डेहसिंह झारिया निवासी करेली, थाना आदेगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 जनवरी 2026 को गणेशगंज से उसकी एसएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 22 एमएच 9861) अज्ञात बदमाश द्वारा चोरी कर ली गई थी। इसी तरह, प्रार्थी सुमतलाल पिता रमूलाल धुर्वे निवासी गंजटोला, गणेशगंज ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जनवरी 2026 को गणेशगंज से उसकी होंडा लिवो मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 22 एमएल 6735) चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर चोरी हुई मोटरसाइकिलों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लखनादौन क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी दुर्गेश पिता धरमसिंह इनवाती (30 वर्ष), निवासी देवरीकला, थाना लखनादौन को पकड़ा। पूछताछ में उसने दोनों मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों बाइक जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक कीरत प्रसाद धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह उइके, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र मर्सकोले, आरक्षक दीपेश मेहरा, लकेश पटले, धनेश्वर यादव और ओमप्रकाश धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


