Singer Kumar Sanu Visits Premanand Ji Maharaj: बॉलीवुड के फेमस सिंगर कुमार सानू इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। एक ओर जहां वो पूर्व पत्नी के साथ लंबे समय बाद शुरू हुए कानूनी विवाद का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आध्यात्मिक शांति की तलाश में वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की और इस दौरान गाना सुनाते भी नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वृंदावन में हुई इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुमार सानू प्रेमानंद जी महाराज के सामने अपना लोकप्रिय गीत ‘तुम देना साथ मेरा ओ हमनवा’ गुनगुनाते नजर आते हैं। उनकी आवाज सुनकर वहां मौजूद श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि खुद महाराज जी भी कुछ देर तक पूरी तरह मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। उन्होंने कुछ देर तक कुमार सानू की सुरीली आवाज को सुना और फिर उन्हें एक जरूरी संदेश देने लगे।
प्रेमानंद महाराज ने दिया ये संदेश
गीत खत्म होने के बाद प्रेमानंद जी महाराज ने कुमार सानू को जीवन और सांसों के महत्व पर संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की हर सांस अनमोल है और यदि इन सांसों को ईश्वर के स्मरण में लगाया जाए तो जीवन सार्थक हो जाता है। उन्होंने शिव भक्ति का उल्लेख करते हुए निरंतर नाम जप करने के लिए भी कहा। महाराज जी के इन शब्दों ने वहां मौजूद सभी लोगों को गहराई से प्रभावित किया।
पूर्व पत्नी रीता पर किया मानहानि का केस
बता दें इन दिनों कुमार सानू की निजी जिंदगी में काफी बवाल मचा हुआ है। हाल ही में उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उनका आरोप है कि कुछ मीडिया इंटरव्यू में उनके खिलाफ गंभीर और अपमानजनक बातें कही गईं, जिससे उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचा। सिंगर ने पूर्व पत्नी रीता से 30 लाख के मुआवजे की मांग की। खास बात यह है कि यह विवाद उनके तलाक के दो दशक से ज्यादा समय बाद सामने आया है।
कुमार सानू की निजी जिंदगी
गौरतलब है कि कुमार सानू का निजी जीवन उतना ही चर्चा में रहा है जितना उनका संगीत करियर। उन्होंने अपने जीवन में दो शादियां कीं। पहली शादी उन्होंने रीता भट्टाचार्य से की जिनसे उन्हें दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटे जान सानू ने भी संगीत की दुनिया में कदम रखा। बाद में उन्होंने दूसरी शादी की और अब अपनी मौजूदा पत्नी सलोनी भट्टाचार्य और दो बेटियों के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पारिवारिक उतार-चढ़ाव के बावजूद उनका संगीत सफर दशकों से श्रोताओं के दिलों में बसा हुआ है।


