झज्जर जिले में जमीनी विवाद के चलते पुलिस ने चंद घंटों में ही जानलेवा हमला करने के 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। काफी समय से दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिसके कारण एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। वहीं पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला झज्जर जिले के गांव रेढूवास का है। जहां पर जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वहीं जमीनी विवाद में एक पक्ष द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। जिसके बाद युवक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। नानी को लेने गया था पीड़ित युवक बहादुरगढ़ निवासी हर्ष कुमार गौतम 10 जनवरी को अपनी नानी को लेने के लिए गांव रेढूवास गया था। पुलिस को दी शिकायत में हर्ष ने बताया कि जब वह गांव में पहुंचा तो उस पर जमीनी विवाद के चलते गोली चलाई गई और उसकी गाड़ी पर लाठी, डंडों से हमला कर जान से मारने की कोशिश की गई। सीआईए प्रभारी कर्मवीर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हर्ष ने शिकायत में बताया कि गांव में चली आ रही जमीन विवाद की रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। जान से मारने की नीयत से की फायरिंग आरोप है कि हमलावरों ने पहले हर्ष कुमार के साथ मारपीट की और बाद में उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान हर्ष बाल-बाल बच गया और उसे कोई गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर हर्ष की गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए। एक आरोपी का दो दिन पुलिस रिमांड गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र निवासी कसौली, जिला रेवाड़ी, दीपांशु निवासी छुरियावास, जिला रेवाड़ी, नवीन निवासी रेढूवास और प्रवीण निवासी भिंडावास के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से नवीन को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया और अन्य तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस सीआईए प्रभारी कर्मवीर का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है।


