गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित रॉयल किंग होटल में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की मौत उसके दोस्त के साथ हुए झगड़े के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी दोस्त प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला सेवानगर निवासी प्रवीण(34) अपनी महिला मित्र आरती कोटगांव निवासी के साथ शनिवार रात करीब 9 बजे होटल के कमरे में ठहरा था। जानकारी के अनुसार, आरती के पति रोहित कुमार की दो साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, रात में दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। नशे की हालत में यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि प्रवीण ने आरती की छाती पर कोहनी से कई बार वार किए। हाथापाई के दौरान आरती के चेहरे पर भी खरोंच के निशान मिले हैं। दोस्त ने फोन करके पुलिस को बुलाया था रविवार सुबह प्रवीण ने पुलिस को फोन कर बताया कि महिला उठ नहीं रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरती को मृत पाया। पुलिस ने तत्काल आरोपी प्रवीण को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में महिला की पसलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। होटल के कमरे को सील कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और होटल के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस मामले में ACP उपासना पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा। आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


