गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में एक 22 वर्षीय दलित युवती के साथ संप्रदाय छिपाकर यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी होटल संचालक ने खुद को हिंदू बताकर युवती और उसके परिवार का विश्वास जीता, उसके बाद नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। इसके जरिए आरोपी ने लगातार युवती का यौन शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि करीब आठ माह पहले दो युवक उसके घर भैंस खरीदने आए थे। सौदा नहीं हो सका, लेकिन वे बार-बार घर आते रहे। इनमें से एक युवक ने खुद को अजय कुमार और होटल संचालक बताया। आरोपी ने होटल में काउंटर पर काम करने के लिए कर्मचारी की आवश्यकता बताई और युवती की मां से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी तय कर ली। आरोप है कि होटल ले जाकर आरोपी ने युवती को नशीला पदार्थ पिलाया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील फोटो व वीडियो बनाए गए। लोकलाज और बदनामी के डर से युवती ने इस बात को किसी से साझा नहीं किया और होटल जाना बंद कर दिया। कुछ समय बाद आरोपी का फोन आया और उसने खुलासा किया कि उसका असली नाम अजय नहीं, बल्कि युनुस है। उसने धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने युवती को अलग-अलग जगहों पर बुलाकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी फोन पर जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गालियां देता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर गढ़मुक्तेश्वर नगर के मोहल्ला मदरसा निवासी युनुस के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, ब्लैकमेलिंग और एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


