केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और चिराग पासवान के मार्गदर्शन में रविवार को युवा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मध्यप्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। भोपाल के भोजपुर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जय कुमार ठाकुर (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में यश तिवारी को युवा लोक जनशक्ति पार्टी, मध्यप्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही अकबर भुखारी को प्रदेश उपाध्यक्ष, विजय तिवारी को प्रदेश महासचिव और निशिता सिंह को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन विस्तार पर जोर
अपने संबोधन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय कुमार ठाकुर ने कहा कि पार्टी के संस्थापक और सामाजिक न्याय की राजनीति के मजबूत स्तंभ रामविलास पासवान की विचारधारा को आगे बढ़ाने की दिशा में यह प्रदेश कार्यकारिणी एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ऐसे क्षेत्रों पर फोकस करेगी, जो आने वाले समय में मध्यप्रदेश की तस्वीर बदल सकते हैं। युवाओं, रोजगार और फूड प्रोसेसिंग पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष यश तिवारी ने कहा कि युवा लोक जनशक्ति पार्टी का विज़न बिल्कुल स्पष्ट है।मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को राज्य में सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करना। गरीबों, महिलाओं और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना। उन्होंने कहा कि यह संगठन केवल राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, हुनर और आत्मसम्मान की लड़ाई है। जिला से पंचायत तक संगठन विस्तार
यश तिवारी ने बताया कि पार्टी आने वाले समय में जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करेगी। इसके लिए युवा नेतृत्व को आगे लाया जाएगा और जमीनी स्तर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे।


