सिरसा से जमाल-कुतियाना जा रही हरियाणा रोडवेज की एक मिनी बस गांव गुडिया खेड़ा और ढूकड़ा के बीच खेतों में पलट गई। इस दुर्घटना में लगभग 25 से 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, हालांकि बस चालक को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को हुई। जब चौपटा से रोडवेज सिरसा के लिए जा रही थी। सिरसा जाते समय बस चालक निजी वाहन को साइड दे रहा था। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 4 फुट नीचे खेतों में उतरकर पलट गई। बस में चालक शमशेर सिंह और परिचालक मंजीत सिंह मौजूद रहे। बस पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने डायल 112 को भी सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की गाड़ी और जमाल पुलिस चौकी इंचार्ज रामकुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बस चालक शमशेर सिंह को हल्की चोटें आईं, जिन्हें सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।


