यमुनानगर में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 3.60 लाख रुपए की ठगी करने और पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्ष्मी नगर कैंप निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई का काम करता है। इसी सिलसिले में उसका संपर्क विजय कॉलोनी, सब्जी मंडी रोड, चांदपुर स्थित Finesight Agro India Producer Company Limited के संचालकों धीरेंद्र सहाय और उसकी पत्नी समिता सहाय से हुआ। हर माह 30 हजार रुपए किस्त दी शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कंपनी में आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) कराने पर अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर उसने मई 2023 से अप्रैल 2024 तक हर महीने 30 हजार रुपए की किस्त जमा कराई। इस तरह कुल 3 लाख 60 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए। परिपक्वता पर उसे करीब 3 लाख 94 हजार रुपए लौटाने का करार किया गया था। अजय कुमार का आरोप है कि आरडी पूरी होने के बाद जब वह रकम लेने गया तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बार-बार दफ्तर जाने पर उसे बाहर निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, पैसे मांगने पर उसके साथ गाली-गलौच की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। अन्य लोगों से भी जमा कराए पैसे पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों ने इसी तरह कई अन्य लोगों से भी पैसे जमा कराए हैं और रकम हड़प कर देश छोड़कर भागने की फिराक में हैं। शिकायत के साथ लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


