देवास में हिन्दू समाज की एकजुटता, सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र सुरक्षा में समाज की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। रविवार को देवास नगर की 17 बस्तियों में ये सम्मेलन अलग-अलग स्थानों पर हुए। ये सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए। इनमें बस्ती में रहने वाले पूरे हिन्दू समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर पीले चावल, भगवा ध्वज और आमंत्रण पत्रक दिए गए थे। रविवार को इटावा, विजयनगर, मुखर्जीनगर, रामनगर, मोती बंगला, नई आबादी, कैलादेवी, सनसिटी, पालनगर नागदा, जवाहर नगर, कालानी बाग, बजरंगपुरा, तुलजा भवानी, राजाभाऊ महाकाल, राधागंज, आदर्श नगर और भोसले बस्तियों में हिन्दू सम्मेलन आयोजित हुए। इन सम्मेलनों में भारत माता पूजन एवं आरती, गो पूजन, शास्त्र पूजन, कलश यात्रा, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भजन जैसे धार्मिक कार्यक्रम हुए। इसके साथ ही गणेश-सरस्वती वंदना पर नृत्य और पंच परिवर्तन पर नाटिका जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर सभी स्थानों पर सहभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय संत, मातृ शक्तियां, समाजसेवी और अन्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।


