गोंडा में 1.55 लाख नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी:जवाब और कागजात न देने पर सूची से हटेंगे नाम, मांगे गए दस्तावेज और जवाब

गोंडा में 1.55 लाख नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी:जवाब और कागजात न देने पर सूची से हटेंगे नाम, मांगे गए दस्तावेज और जवाब

गोंडा जिले में जिला प्रशासन ने ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद ‘नो मैपिंग’ श्रेणी के 1,55,261 मतदाताओं को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जा रही है। ये सभी मतदाता या तो वे हैं जिन्होंने वर्ष 2003 के विवरण में अपनी जानकारी नहीं भरी थी, या उनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल नहीं था। इन मतदाताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों द्वारा नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस के माध्यम से इन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज और विस्तृत जानकारी मांगी जा रही है, ताकि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन तक उनके नाम शामिल किए जा सकें। यदि नोटिस का उचित जवाब नहीं मिलता है, तो इन सभी मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित मतदाताओं की होगी। ‘नो मैपिंग’ श्रेणी के मतदाताओं को 13 प्रकार के दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा। इन दस्तावेजों की सूची में स्वयं, पिता और माता के लिए अलग-अलग स्व-सत्यापित दस्तावेज शामिल हैं। नोटिस की पावती पर मतदाता या प्राप्तकर्ता के हस्ताक्षर और फोटो लेकर उसे बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जाएगा। पावती के अलावा नोटिस का शेष भाग मतदाता को दिया जाएगा। मतदाताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर जवाब दें ताकि उन्हें किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े और जिला प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान कर सके। जवाब न देने पर यह माना जाएगा कि उनके पास कोई विवरण नहीं है और उनके नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। गोंडा अपर जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि 6 प्रतिशत ऐसे मतदाता है जो पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद हमारे नो मैपिंग श्रेणी में आए हैं। ऐसे मतदाताओं को हम लोगों ने अब नोटिस देना शुरू कर दिया है आज से नोटिस देने शुरू हो गई है। इन सभी लोगों को नोटिस देकर के उनसे जरूरी कागजात और नोटिस का जवाब मांगा गया है। जरूरी कागजात और नोटिस का जवाब मिलने पर उस नोटिस पर सुनवाई करते हुए उसका समाधान किया जाएगा। उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएंगे अगर नोटिस का जवाब उचित नहीं मिलता है उचित दस्तावेज नहीं मिलते हैं तो इन लोगों के नाम भी मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। नोटिस देखकर के जरूरी कागजात सहित अन्य चीज भी उनसे मांगी गई है जो सभी मतदाताओं को अलग-अलग नोटिस के माध्यम से जानकारी भी दी जा रही है। किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर कोई भी मतदाता जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम में आकर के संपर्क कर सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *