उन्नाव में पूर्व विधायक उदयराज यादव के एक बयान से राजनीतिक बयानबाजी फिर तेज हो गई है। उन्होंने सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का समर्थन करते हुए रेप पीड़िता और उसके समर्थकों के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है। एक बातचीत के दौरान उदयराज यादव से पूछा गया कि रेप पीड़िता लगातार आरोप लगा रही है कि कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थक उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। इस पर यादव ने कहा कि पीड़िता के समर्थक वही बातें कह रहे हैं, जो पीड़िता कह रही है, जबकि कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थक “सही चीज़ों” को सामने ला रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि आरोप सही हैं, तो क्या कोई ऐसा वीडियो, फोटो या क्लिप मौजूद है, जिसमें कुलदीप सिंह सेंगर खुद दिखाई दे रहे हों। यादव ने दावा किया कि इस तरह की कोई भी क्लिप कुलदीप सिंह सेंगर के साथ नहीं है। पूर्व विधायक ने आगे कहा कि पूरे जनपद को सच्चाई मालूम है और लोग जानते हैं कि वास्तव में क्या हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर को साजिश के तहत फंसाया गया है और यह बात “हर आदमी जानता है।” इस बयान को पीड़िता के आरोपों को कमजोर करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। जब उनसे मौजूदा सांसद साक्षी महाराज के उस बयान के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कुलदीप सिंह सेंगर को गलत तरीके से फंसाया गया है, तो उदयराज यादव ने कहा कि सांसद होने के नाते साक्षी महाराज को बेहतर जानकारी होगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह उनके दल का मामला है और यदि सांसद ऐसा कह रहे हैं, तो उनके पास सही जानकारी होगी।


