इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने शनिवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार तड़के सबसे पहले उसके नाबालिग बेटे ने पिता को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद उसने मां और परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। परिजन तत्काल युवक लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीपक (28) पुत्र परसराम जाधव, निवासी द्वारकापुरी के रूप में हुई है। घटना के समय दीपक की पत्नी और उनका दूसरा बेटा भी उसी कमरे में सो रहे थे। बेटे को रात में पानी पीने के लिए नींद खुली थी, तभी उसने पिता को फांसी पर लटका देखा। परिजनों ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक के मोबाइल फोन की जांच में भी फिलहाल कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


