प्रयागराज के माघ मेला में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शनिवार को संगम तट पर ‘कांग्रेस सेवा दल’ के शिविर को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनौतियों पर चर्चा की।
साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी माघ मेले की तैयारियों का जायजा लेने और संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे थे। सीएम योगी के इस दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने दैनिक भास्कर से बातचीत में तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम जनता और श्रद्धालुओं की वास्तविक सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। राय ने कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाओं में कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर केवल राजनीति कर रही है। पढ़िए पूरी बातचीत… सवाल: मुख्यमंत्री संगम में सतुआ बाबा के साथ लगातार नजर आ रहे हैं। ऐसे में आप क्या कहेंगे? जवाब: निश्चित तौर पर उनको आना चाहिए। पर मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि वो आए हैं, लेकिन यहां जो पूरा मेला क्षेत्र है, मैंने देखा है कि वहां अव्यवस्था है। लोग परेशान हैं और कोई उन्हें व्यवस्था नहीं दे पा रहा। आना-जाना केवल एक फोटो खिंचवाना और मार्केटिंग करना है। मुझे लगता है कि जो यहां साफ-सफाई और व्यवस्था होनी चाहिए, वो पूरी तरह से शून्य और नगण्य है। सवाल: विपक्ष बांग्लादेश के मुद्दे पर फेविकोल लगाए हुए है। क्या यह सच है। जवाब: अरे, विपक्ष… सरकार उनकी है भाई! राफेल उड़ाओ ना, कौन मना कर रहा है? मैं तो प्रदेश अध्यक्ष बोल रहा हूं कांग्रेस पार्टी का। उड़ाओ राफेल! नींबू-मिर्ची बांध कर क्यों रखा है उसको? उड़ाओ! सवाल: जो लोग बांटने का काम करेंगे, हम उन्हें पनपने नहीं देंगे। इसका क्या मतलब है। जवाब: बांटने का काम तो भारतीय जनता पार्टी करती है। उनका काम ही बांटना और तोड़ना है। बुलडोजर कौन चला रहा है? बुलडोजर चलाने का काम वो करते हैं। गरीबों को उजाड़ते हैं, तोड़ते हैं और सबको जेल भेजते हैं। जो अपनी आवाज़ उठाता है, उसे जेल भेज देते हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई करते हैं, उसे दंडित करते हैं और तन्हाई में बंद करके रखते हैं। यही उनका काम है। सवाल: विपक्ष को कहा गया कि कुछ लोग ऐसे हैं जो शायद फिर से दंगों में लोगों को झोंकने का काम करेंगे। जवाब: सिर्फ और सिर्फ भाजपा और RSS के लोग हैं। यही दंगा कराने में माहिर हैं और दंगा यही कराते हैं, और वो सत्ता में बैठे हुए हैं। सवाल: जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तब से गंगा साफ हो गई है। जवाब: अभी आप लेकर चलो जिस रास्ते से मैं आया हूँ। जाकर गंगा जी को देखो आप। और अभी आप देखो कानपुर में डॉल्फिन किसके राज में मरी है? अभी कानपुर में एक डॉल्फिन मछली मरी क्योंकि गंगा जी के अंदर ऑक्सीजन लेवल ख़त्म हो चुका है। बनारस में 18 नाले काशी में गिर रहे हैं, जहाँ देश के प्रधानमंत्री हैं। शर्म आनी चाहिए मोदी जी को और योगी जी को झूठ बोलते हुए।


