फर्रुखाबाद में रविवार सुबह आसमान में हल्की धुंध छाई रही। हालांकि 8 बजे हल्की धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा के कारण सर्दी बरकरार रही। पिछले एक माह से पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बाद दो दिन से धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, पर शनिवार की रात पाले ने ठंडक बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से धूप निकलने के कारण दिन में सर्दी से कुछ राहत मिली है। हालांकि, रात का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर रहा है। शनिवार रात को भी पाला गिरने से ठंड बढ़ गई थी, जिससे लोग रात में गलन से परेशान दिखे। रविवार सुबह 8 बजे के करीब हल्की धूप निकलने के बावजूद पाले के कारण गलन बनी रही। धूप निकलने के कारण सड़कों पर चहलकदमी बढ़ी है और बाजारों में भी भीड़भाड़ देखने को मिल रही है। रविवार सुबह 8 बजे न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है।
किसानों के अनुसार, पाला फसलों के लिए बेहद नुकसानदायक है। इससे आलू की फसल में झुलसा रोग लगने का खतरा रहता है। इसी तरह, गेहूं और सरसों की फसलें भी पाले से प्रभावित होती हैं। तंबाकू की फसल में पाला पत्तों को पीला कर देता है, जिससे उपज पर नकारात्मक असर पड़ता है।


