ग्वालियर से लापता नाबालिग छात्रा के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है और अपहरण में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नाबालिग का अपहरण कर उसे मुरैना ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। नाबालिग की तलाश में जब पुलिस मुरैना पहुंची, तो आरोपी वहां से ग्वालियर फरार हो गए। शनिवार रात ग्वालियर के कंपू स्थित ईदगाह के पास से पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अपहरण की घटना में दोनों आरोपी शामिल थे, जबकि दुष्कर्म की वारदात एक आरोपी ने की थी। फिलहाल पड़ाव थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 1 महीने पहले लापता हुई थी छात्रा पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि मरीमाता महलगांव निवासी 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा दिसंबर 2025 में लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग की लोकेशन मुरैना में है। सूचना मिलते ही एसआई रोहित चौधरी और आरक्षक अजय आनंद पुलिस टीम के साथ मुरैना पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से ग्वालियर के लिए रवाना हो चुके थे। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्वालियर में घेराबंदी की और ईदगाह के पास नाबालिग की लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव कुशवाह और समीर खान के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर लिया। नाबालिग के बयान से हुआ दुष्कर्म का खुलासा नाबालिग के बयान में सामने आया कि आरोपी गौरव कुशवाह ने उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि समीर खान ने पूरी घटना में उसका साथ दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि नाबालिग के लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। अब नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


