एक समय आरसीबी के होम ग्राउंड के तौर पर पहचान रखने वाला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम अब टीम के लिए ही विवादित हो गया है। आईपीएल 2025 फाइनल जीत के बाद हुए ट्रॉफी सेलिब्रेशन के दौरान मची भगदड़ का असर अब आईपीएल 2026 तक दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट्स के अनुसार आरसीबी अगले सीजन बेंगलुरु में अपने घरेलू मुकाबले नहीं खेलेगी। वो अपने लिए नया होम ग्राउंड तलाश कर रही है। इस तलाश में रायपुर का इंटरनेशनल स्टेडियम सबसे आगे हैं। इस टीम के खिलाड़ियों को रायपुर का ग्राउंड बेहद पसंद आ रहा है। आरसीबी ने अब तक कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से आईपीएल 2026 के मैचों को लेकर कोई बातचीत नहीं की है। वहीं छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारियों से उनकी लगातार बात हो रही है। टीम फिलहाल बेंगलुरु लौटने के मूड में नहीं है। रायपुर को आरसीबी के नए होम ग्राउंड बनने का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है, इसके अलावा अभी इंदौर भी रेस में है। क्या था पूरा मामला : आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में ट्रॉफी सेलिब्रेशन रखा था, लेकिन खराब प्लानिंग और भीड़ नियंत्रण की कमी के कारण हालात बिगड़ गए। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। घटना ने न सिर्फ टीम मैनेजमेंट बल्कि कर्नाटक सरकार को भी कटघरे में खड़ा कर दिया था।


