कांग्रेस ने ‘VB G RAM G’ योजना पर उठाए सवाल:बलौदाबाजार में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने कहा- मनरेगा जैसी काम की गारंटी नहीं

कांग्रेस ने ‘VB G RAM G’ योजना पर उठाए सवाल:बलौदाबाजार में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने कहा- मनरेगा जैसी काम की गारंटी नहीं

बलौदाबाजार में कांग्रेस ने केंद्र सरकार की प्रस्तावित ‘VB G RAM G’ योजना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि यह नई योजना मनरेगा की तरह मजदूरों को काम की गारंटी नहीं देती और उनके हितों से समझौता करती है। शुक्ला ने बताया कि केंद्र सरकार मनरेगा को समाप्त कर ‘VB G RAM G’ नामक नया कानून ला रही है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना में मजदूरों को 100 दिन के काम की गारंटी नहीं मिलेगी, जबकि यूपीए सरकार ने मनरेगा के तहत यह गारंटी प्रदान की थी। उन्होंने योजना के कई प्रावधानों पर चिंता व्यक्त की। पूर्व मंत्री के अनुसार, नए प्रस्ताव में योजना के 40 प्रतिशत भुगतान का बोझ राज्य सरकारों पर पड़ेगा, जिससे इसके क्रियान्वयन में बाधाएं आ सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह योजना सभी गांवों में लागू नहीं होगी और फसल कटाई के दौरान काम पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे मजदूरों की आय में अनिश्चितता आएगी। शुक्ला ने योजना के नाम में ‘राम’ शब्द के इस्तेमाल पर उठ रहे सवालों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति नाम से नहीं, बल्कि नए कानून के प्रावधानों से है, जो मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा, “राम हमारे आराध्य हैं, हम हिंदू हैं और उनको मानते हैं।” अमितेश शुक्ला ने केंद्र सरकार से मनरेगा जैसी सफल योजना को बंद करने के बजाय उसे और सशक्त करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस नई योजना के खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी और संसद में इसका पुरजोर विरोध करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *