बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। बिहारमान नगला निवासी आसिफ की मौत के मामले में शनिवार को उसकी प्रेमिका साहिबा उर्फ माही समेत 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि युवती और उसका परिवार आसिफ को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए की डिमांड कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने 6 जनवरी को जहर खा लिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, फिर शादी के लिए दबाव मृतक के भाई शारिक ने बताया कि आसिफ की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए साहिबा से हुई थी। धीरे-धीरे युवती और उसके परिजन आसिफ की कुतुबखाना स्थित दुकान पर आकर शादी करने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसे झूठे केस में जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। 27 दिसंबर को आरोपियों ने आसिफ के साथ गाली-गलौज की और 20 लाख रुपए की मांग की। इसके ठीक अगले दिन यानी 28 दिसंबर को युवती ने आसिफ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। जहर खाकर दी जान, युवती ने भी किया था ड्रामा दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद से आसिफ गहरे तनाव में था। इसी बीच युवती ने भी नशीला पदार्थ खाकर जान देने का ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ किया और आसिफ के पूरे परिवार को केस में घसीट लिया। मानसिक प्रताड़ना जब हद से बाहर हो गई, तो 6 जनवरी को आसिफ ने पानी की बोतल में जहर मिलाकर पी लिया। निजी अस्पताल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। 10 लोगों पर FIR, जांच में जुटी पुलिस आसिफ की मौत के बाद परिजनों ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने साहिबा उर्फ माही, जमील अहमद, शहनाज, मुन्ना, फईम, नगमा, सरताज और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने के पहलुओं पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।


