देवरिया में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार, 11 जनवरी 2026 को भटवलिया स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति चार घंटे तक बाधित रहेगी। यह शटडाउन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रस्तावित है। इस दौरान उपकेंद्र से जुड़े करीब डेढ़ लाख उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। भटवलिया विद्युत उपकेंद्र से देवरिया शहर के कई प्रमुख मोहल्लों के साथ-साथ दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। इसी उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी कचहरी फीडर पर अत्यधिक लोड होने के कारण आए दिन फॉल्ट की समस्या बनी रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार अघोषित कटौती का सामना करना पड़ता है। बिजली विभाग ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कचहरी फीडर का लोड विभाजन कर एक नया फीडर बनाने का निर्णय लिया है। इसी कार्य के तहत यह शटडाउन लिया जा रहा है, ताकि आने वाले ग्रीष्मकाल में निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इस संबंध में अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद ने बताया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भटवलिया से संबंधित सभी उपभोक्ताओं को पहले ही सूचित कर दिया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि शटडाउन अवधि से पूर्व विद्युत से जुड़े आवश्यक कार्य, जैसे पानी की टंकी भरना और इन्वर्टर चार्ज करना, समय रहते पूरे कर लें ताकि असुविधा से बचा जा सके। विद्युत विभाग का कहना है कि नया फीडर चालू होने के बाद कचहरी फीडर पर लोड कम होगा, जिससे फॉल्ट की समस्या में कमी आएगी और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर एवं भरोसेमंद हो सकेगी।


