नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को शहीद बंधू सिंह मल्टी कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल पार्किंग और घंटाघर बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घंटाघर से रायगंज होते हुए अलहदादपुर तक प्रस्तावित सीएम ग्रिड सड़क के निर्माण को लेकर पूरे रूट का जायजा लिया। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त ने सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर मुख्य अभियंता और जलकल विभाग के महाप्रबंधक से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी पाइपलाइन का काम भी बेहतर ढंग से किया जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। बंधू सिंह पार्क परिसर में बन रहे मल्टीलेवल पार्किंग, दुकानों और अन्य निर्माण कार्यों को लेकर नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बंधू सिंह मल्टीलेवल पार्किंग के सामने लगे विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर को हटाने के भी आदेश दिए, ताकि आवागमन में कोई बाधा न हो। इसके अलावा नगर आयुक्त ने मल्टी कॉम्प्लेक्स और पार्किंग परिसर में फायर लिफ्ट, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था और दुकानों के लिए उचित साइन बोर्ड (साइनेज) लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मल्टी कॉम्प्लेक्स और पार्किंग के तैयार होने से शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यह क्षेत्र एक नया व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे शहरवासियों को काफी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान घंटाघर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए घंटाघर पर स्वतंत्रता सेनानियों का विवरण लगाने, पीए सिस्टम लगाने और शहीदों की मूर्तियां स्थापित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग और जलकल विभाग द्वारा विरासत गलियारे में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, जलकल विभाग के महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता, सभी अवर अभियंता और सीएमडीएस विभाग के अभियंता मौजूद रहे।


