पलवल में यूपी का नशा तस्कर अरेस्ट:होडल में बेचने आया था, तलाशी में नशीले इंजेक्शन बरामद, मोबाइल-नकदी जब्त

पलवल में यूपी का नशा तस्कर अरेस्ट:होडल में बेचने आया था, तलाशी में नशीले इंजेक्शन बरामद, मोबाइल-नकदी जब्त

पलवल में एंटी नारकोटिक्स स्टाफ (एएनसी) ने लाखों रुपए के नशीले इंजेक्शनों के साथ उत्तर प्रदेश के एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी से होडल में इंजेक्शन बेचने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। एएनसी थाना प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि उनकी टीम एसआई सिराजुद्दीन के नेतृत्व में नशा तस्करों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मथुरा (यूपी) के उस्फार गांव निवासी आरिफ नशीले इंजेक्शन और स्मैक बेचता है। मुखबिर ने बताया कि आरोपी आरिफ नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए यूपी से होडल आया है और गढ़ी मोड़ पर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को उसकी बाइक सहित हिरासत में ले लिया। नकदी और मोबाइल फोन जब्त आरोपी की तलाशी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एक्साइज एंड टैक्सेशन अधिकारी नीरज कुमार को मौके पर बुलाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने ली गई तलाशी में आरोपी के पास से 500 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और उसके बैग से 48 पैकेट नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में पांच इंजेक्शन थे। इंजेक्शनों की वैधता जांचने के लिए डीसीओ संदीप गहलावत से संपर्क किया गया। उन्होंने पुष्टि की कि ये इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। पुलिस द्वारा लाइसेंस या वैध बिल मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज जिसके संबंध में एएनसी स्टाफ के एसआई सिराजुद्दीन ने होडल थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। आरोपी से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है कि आरोपी प्रतिबंधित इंजेक्शनों को कहां से और किससे लेकर आया और कहां और किसे सप्लाई करने जा रहा है, ताकि पूरी चैन को गिरफ्तार किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *