फर्रुखनगर में रास्ते की जमीन पर मिला अतिक्रमण:डाबोदा मोड़ सड़क पर चलेगा बुलडोजर; बादली मोड़ तक सड़क की पैमाइश करवाई

फर्रुखनगर में रास्ते की जमीन पर मिला अतिक्रमण:डाबोदा मोड़ सड़क पर चलेगा बुलडोजर; बादली मोड़ तक सड़क की पैमाइश करवाई

गुरुग्राम के फर्रुखनगर में डाबोदा मोड़ सड़क के नवनिर्माण को लेकर प्रशासन अब सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में तहसीलदार सज्जन कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ फर्रुखनगर बस स्टैंड से फाजिलपुर-बादली मोड़ तक सड़क की पुनः पैमाइश करवाई। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन बीरबल सैनी और मनोनीत पार्षद रामबीर यादव भी मौजूद रहे। सड़क की चौड़ाई को लेकर दूर होगा असमंजस
यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इसकी वास्तविक चौड़ाई को लेकर क्षेत्र में असमंजस बना हुआ था—कहीं इसे 62 फुट तो कहीं 66 फुट बताया जा रहा था। तहसीलदार सज्जन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने सड़क की वास्तविक सीमा और आकार के सटीक निर्धारण के लिए जांच शुरू कर दी है। दोनों ओर 5 से 20 फुट तक अवैध कब्जे मिले
तहसीलदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क के दोनों ओर 5 फुट से लेकर 20 फुट तक अवैध कब्जे पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौके की स्थिति का निरीक्षण कर लिया गया है और अवैध कब्जों से संबंधित पूरी रिपोर्ट अगले सात दिनों के भीतर तैयार कर नगर पालिका व संबंधित विभागों को सौंप दी जाएगी। इससे अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सकेगा। गुणवत्ता के साथ होगा सड़क निर्माण
नगर पालिका चेयरमैन बीरबल सैनी ने कहा कि सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाएगा। प्रशासन की सक्रियता के बाद अब स्थानीय लोगों को एक चौड़ी और बेहतर सड़क मिलने की उम्मीद जगी है। बेहतर सड़क से सुधरेगा यातायात और बढ़ेगा संपर्क
इस सड़क के दुरुस्त होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों और आसपास के गांवों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। वहीं, प्रशासन की इस सख्ती से सड़क की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *