कन्नौज के तिर्वा स्थित ठठिया रोड पर एक जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। रात करीब नौ बजे हुई इस घटना से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। यह घटना तिर्वा ठठिया रोड पर स्थित संगीता कुशवाहा के ‘देव जनरल स्टोर’ में हुई। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी तेज लपटें दूर से दिखाई देने लगीं। सूचना मिलने पर दुकान मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। दुकान मालिक ने लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच-पड़ताल जारी है और शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग देखते ही बुझाने में जुट गए पड़ोसी दुकान में आग देखते ही पड़ोस के लोग सबमर्सिबल चलाकर उसे बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी प्रयास के बाद भी आग नहीं बुझाई जा सकी। कुछ देर बाद वहां फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया।


