आगरा के मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग डिप्लोमा कर रही छात्रा को बदनाम करने की नीयत से सहपाठी ने आपत्तिजनक वीडियो उसके भाई को भेज दी। आरोपी काफी समय से छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर एमएम गेट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता मैनपुरी की रहने वाली है और एमएम गेट थाना क्षेत्र में किराए पर रहकर एक मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग डिप्लोमा कर रही है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके साथ पढ़ने वाले सेवला निवासी छात्र से पहले उसकी मित्रता थी। इसी दौरान वीडियो कॉलिंग के बीच आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में आरोपी की गलत हरकतों के चलते छात्रा ने उससे संबंध खत्म कर लिए। इसके बाद आरोपी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। जब छात्रा ने उसकी बात मानने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके भाई के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक वीडियो भेज दी। इससे छात्रा और उसका परिवार गंभीर मानसिक तनाव में आ गया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


