बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आम आदमी पार्टी 11 जनवरी को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जोरदार प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे अडानी के बांग्लादेश से जुड़े बिजली कारोबार से जोड़ा है। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र सौंपा जाएगा। 11 जनवरी को पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी आम आदमी पार्टी आम आदमी पार्टी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि 11 जनवरी को यूपी के सभी जिलों में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती से यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे जुल्म को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री की चुप्पी की वजह अडानी का बिजली कारोबार:संजय सिंह संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी के पीछे अडानी समूह का बांग्लादेश से जुड़ा बिजली कारोबार है। उन्होंने कहा कि झारखंड से बिजली उत्पादन कर अडानी बांग्लादेश को सप्लाई करता है और वहां हजारों करोड़ रुपये का व्यापार चल रहा है। प्रधानमंत्री अगर इस मुद्दे पर बोलेंगे तो उनके करीबी उद्योगपति का कारोबार प्रभावित होगा, इसलिए सरकार मौन साधे हुए है। संजय सिंह ने कहा कि यह चुप्पी अब देश नहीं सहेगा। अत्याचार एक तरफ, कारोबार दूसरी तरफ-दोहरा चरित्र उजागर संजय सिंह ने कहा कि एक तरफ बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं और दूसरी तरफ भारत सरकार उसी देश को बिजली, डीजल और अन्य संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने इसे सरकार का दोहरा चरित्र बताते हुए कहा कि इंसानियत से बड़ा कोई व्यापार नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री को देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना होगा। एक लाख करोड़ के व्यापार ने सरकार की अंतरात्मा मार दी: आरोप भाजपा पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार से जुड़े व्यापारी बांग्लादेश के साथ करीब एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार कर रहे हैं। यही वजह है कि सरकार की अंतरात्मा मर चुकी है और प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा का असली चेहरा अब देश के सामने आना चाहिए। आंदोलन, ज्ञापन और सोशल मीडिया के जरिए दबाव बनाएगी AAP संजय सिंह ने कहा कि 11 जनवरी को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेंगे, मांग पत्र सौंपेंगे और मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ चुप्पी अब नहीं चलेगी और केंद्र सरकार को इसका जवाब देना ही होगा।


