बलरामपुर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने आज बलरामपुर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर घोर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) खलवा, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अचलापुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर का निरीक्षण किया। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलवा में चिकित्सा अधिकारी डॉ. एकता श्रीवास्तव और डॉ. सुरेंद्र दुबे बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर में भी कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। इनमें एलएचवी पुष्पलता श्रीवास्तव, रुक्मणि पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक सौरभ चंद्र दुबे और चिकित्सा अधिकारी डॉ. नमिता शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, डॉ. रस्तोगी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर समय पर उपस्थित रहना और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ ने चेतावनी दी कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जनहितकारी बनाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पल्लवी मिश्रा और फार्मासिस्ट समीर सिद्दकी भी उपस्थित थे।


