गुरुग्राम के सोहना कस्बे में मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान तेजी पकड़ रहा है। पिछले चार दिनों में करीब एक हजार लोगों ने इस अभियान का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर किए हैं। सोहना कस्बा तेजी से विकसित हो रहा है, जहां अब तक लगभग चार दर्जन आवासीय सोसाइटियां बस चुकी हैं। यहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थी रहते हैं, जिन्हें उच्च शिक्षा या रोजगार के लिए प्रतिदिन गुरुग्राम और दिल्ली आना-जाना पड़ता है। वर्तमान में उन्हें बसों और निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। सीमित यातायात साधनों के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान इन्हीं समस्याओं को देखते हुए कस्बे के जागरूक नागरिकों ने मेट्रो सेवा की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है, जिसे लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र राणा, पंकज राघव और बिरजू अधाना ने बताया कि सरकार ने मास्टर प्लान 2031 के फेस-2 में गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी दी है, लेकिन इसमें सोहना को शामिल नहीं किया गया है। “सोहना को भी मिले मेट्रो कनेक्टिविटी” कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोहना न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि गुरुग्राम और फरीदाबाद के बाद राज्य सरकार को सर्वाधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रों में से एक है। कस्बे का निरंतर विस्तार और बढ़ती आबादी यहां मेट्रो सेवा की आवश्यकता को और अधिक स्पष्ट करती है। दस हजार हस्ताक्षरों का लक्ष्य अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि अब तक चार दिनों में करीब एक हजार हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। उनका लक्ष्य दस हजार हस्ताक्षर जुटाना है। यह लक्ष्य पूरा होने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर सोहना कस्बे तक मेट्रो सेवा विस्तार की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।


