सोनभद्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में संगठन ने एनएचएम कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में सभी कर्मचारियों का वेतन बिल हर महीने की 28 तारीख तक राज्य स्तर पर भेजने की बात कही गई। संगठन ने बताया कि इस संबंध में मिशन निदेशक का पत्र भी जारी हो चुका है, ताकि कर्मचारियों को समय पर मानदेय मिल सके। इसके अतिरिक्त, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जीआरसी (शिकायत निवारण समिति) की बैठक जल्द आयोजित करने की मांग भी की गई। संगठन ने पदाधिकारियों के कार्यों के लिए एक सरकारी भवन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) और एएनएम के लंबित पीबीआई (परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव) और टीबीआई (ट्रेवल बेस्ड इंसेंटिव) का भुगतान शीघ्र कराने पर भी जोर दिया गया। आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम के लिए वाहन जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिससे बच्चों की स्क्रीनिंग और उपचार में तेजी आ सके। जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी। इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, संदीप कुमार और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


