NIT जालंधर में 16 जनवरी को 21वां कॉन्वोकेशन:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी मुख्य अतिथि, 1452 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां

NIT जालंधर में 16 जनवरी को 21वां कॉन्वोकेशन:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी मुख्य अतिथि, 1452 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां

डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी एनआईटी जालंधर में आगामी 16 जनवरी 2026 को अपने 21वें कॉन्वोकेशन का आयोजन संस्थान परिसर में होने जा रहा है। यह समारोह संस्थान के इतिहास में एक अत्यंत गौरवशाली और राष्ट्रीय महत्व का अवसर होगा, क्योंकि भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति की उपस्थिति न केवल एनआईटी जालंधर की प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगी, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगी। एनआईटी जालंधर के 21वें कॉन्वोकेशन समारोह के दौरान कुल 1,452 विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 1,011 अंडरग्रेजुएट (बी.टेक.), 238 पोस्टग्रेजुएट (एम.टेक.), 21 एमबीए, 90 एम.एससी. तथा 92 पीएचडी विद्यार्थी शामिल हैं। राष्ट्रपति समेत कई अतिथी शामिल होंगे यह कॉन्वोकेशन समारोह विद्यार्थियों की सालो की मेहनत, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव होगा, जहां वे अपने परिजनों और शिक्षकों की मौजूदगी में अपनी उपलब्धियों को साझा करेंगे।इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। उनकी उपस्थिति संस्थान की राष्ट्रीय पहचान, अकादमिक गुणवत्ता और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उसकी मजबूत भूमिका को दर्शाती है। कुल 31 अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे इस कॉन्वोकेशन समारोह के दौरान कुल 31 अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 30 विषय-वार अवार्ड और एक ओवरऑल बी.टेक. टॉपर अवार्ड शामिल है। ये अवार्ड विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और अनुकरणीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने के उद्देश्य से दिए जाएंगे। कॉन्वोकेशन विद्यार्थियों के सफलता का उत्सव है 21वें कॉन्वोकेशन को लेकर एनआईटी जालंधर के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल डिग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा और उनकी सफलता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि यह समारोह संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। प्रो. कनौजिया ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति एनआईटी जालंधर परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय होगी तथा यह विद्यार्थियों को भविष्य में देश और समाज के लिए बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *