ग्वालियर में साइबर अपराधियों ने एक प्राइवेट स्कूल संचालक के खाते से 2 लाख 43 हजार रुपए की ठगी की है। ठगों ने मोबाइल पर एक APK लिंक भेजकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच बिलौआ थाने को सौंप दी है। बिलौआ थाना क्षेत्र के हनुमंत पुरा निवासी प्रेम शंकर चौरसिया, जो लाल हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक हैं, एक प्राइवेट स्कूल संचालकों के मोबाइल ग्रुप से जुड़े हुए हैं। 25 दिसंबर को इस ग्रुप में अतुल सिंह जादौन नामक व्यक्ति ने एक APK लिंक भेजी थी। प्रेम शंकर चौरसिया ने गलती से इस लिंक को खोल लिया। लिंक खुलते ही प्रेम शंकर चौरसिया के खाते से पहली बार में 49 हजार रुपए, दूसरी बार में 93 हजार से अधिक और तीसरी बार में 1 लाख रुपए निकल गए। जब उनके मोबाइल पर खाते से राशि कटने के मैसेज आए, तब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने तुरंत जांच की तो पाया कि APK लिंक गलती से खुल गई थी। राशि कटते ही स्कूल संचालक प्रेम शंकर ने साइबर सेल से संपर्क किया। साइबर सेल ने तत्काल उनका खाता होल्ड करवा दिया ताकि और राशि न निकाली जा सके। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। चूंकि फरियादी बिलौआ क्षेत्र के निवासी हैं, इसलिए जांच के लिए विधिवत रिपोर्ट बिलौआ थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगा रही है कि ठगी गई राशि किन खातों में ट्रांसफर की गई है।


