हरियाणा में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसकी वजह और कुछ नहीं इन तीनों निगमों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। पंचकूला का कार्यकाल 4 जनवरी को पूरा हो चुका है। सोनीपत नगर निगम का कार्यकाल 12 जनवरी और अंबाला का कार्यकाल 13 जनवरी को पूरा हो रहा है। इसको देखते हुए अब जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग (SEC) को भेजने वाला है। शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग ने भी चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जल्द ही इसको लेकर विभागीय मंत्री विपुल गोयल एक रिव्यू मीटिंग करने जा रहे हैं। 22 जनवरी को रोटेशन-ड्रा ऑफ लॉट निगम चुनाव को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने वार्ड बंदी का काम पूरा होने के बाद चुनाव तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो 22 जनवरी को विभाग चुनाव को लेकर रोटेशन और ड्रा ऑफ लॉट जारी करने जा रहा है। सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में वार्डबंदी के साथ ही वार्ड रिजर्वेशन का काम भी पूरा कर लिया गया है। कुछ जगह अभी विवाद की स्थिति है, लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी समस्याओं का समाधान समय रहते कर लिया जाएगा। फरवरी में चुनाव की तैयारी सूत्रों की मानें तो सरकार चुनाव के लिए तैयार है। ऐसे में फरवरी में ही चुनाव कराए जा सकते हैं। क्योंकि मार्च में स्कूलों में परीक्षाएं शुरू हो जाती है। ऐसे में सरकार यह चुनाव पहले ही करा सकती है। तीनों ही जगह भाजपा के मेयर है। ऐसे में भाजपा अपनी सीट बचाने को जोर लगाने की तैयारी में है तो कांग्रेस भी सिंबल पर प्रत्याशी उतारकर यहां सेंध लगाने की कोशिश में रहेगी। इनके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना में भी वार्ड आदि आरक्षित कर दिए हैं। भाजपा शुरू कर चुकी तैयारी, कांग्रेस भी सक्रिय भाजपा में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पहले से ही शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद इन चुनावों को लेकर सक्रिय हैं। वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बना चुके हैं। भाजपा के पास अभी तीनों निगमों में मेयर की सीटें हैं। इसलिए वह किसी भी सूरत में यह सीटें खोना नहीं चाहेगी। वहीं कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने तीनों नगर निगमों चुनाव को लेकर अपनी एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। क्या बोले अधिकारी शहरी स्थानीय विभाग के डायरेक्टर अशोक मीणा ने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। विभाग की ओर से जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को दे दी जाएगी। जिसके बाद आयोग के ऊपर निर्भर करेगा कि सूबे में इन तीनों निगमों और परिषदों, पालिकाओं में चुनाव का ऐलान किया जाए।


