गोरखपुर के आर्यनगर स्थित माँ कामिनी देवी और श्री हनुमान मंदिर सेवा दरबार में तड़के दानपात्र से लगभग 30 हजार रुपये चोरी होने की घटना सामने आई। वारदात सुबह करीब 5 बजकर 38 मिनट पर हुई। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों में पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग हुई है। दरअसल, फुटेज में एक युवक दानपात्र के पास जाता है, कुछ सेकंड में उसे उठाकर मंदिर से बाहर निकलता है और फिर गली की ओर भागता दिखाई देता है। दूसरी फुटेज में वही युवक दानपात्र लेकर सामने वाली गली में दौड़ता हुआ दिखता है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार दानपात्र में बीते दिनों में जमा हुए दान की नकदी थी। मंदिर प्रबंधन ने तुरंत 112 पर सूचना दी घटना की जानकारी होने पर महंत राजन दास ने पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी। सूचना के बाद बेनीगंज चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और CCTV फुटेज के आधार पर प्रारंभिक पूछताछ की। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। महंत के अनुसार, गुरुवार सुबह 11 बजे चौकी इंचार्ज द्वारा दोबारा निरीक्षण की बात कही गई थी। हालांकि खबर लिखे जाने तक चोरी गई नकदी के संबंध में कोई आधिकारिक खुलासा या बरामदगी की जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा व्यवस्था पर श्रद्धालुओं ने चिंता जताई घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि आर्यनगर समेत शहर के अन्य मंदिरों में दानपात्र और अन्य संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और कैमरों की निगरानी को और मजबूत किया जाना चाहिए। पुलिस का कहना है कि फुटेज में आरोपी का हुलिया कुछ हद तक स्पष्ट दिख रहा है, जिसके जरिए पहचान की कोशिश जारी है। पुलिस आसपास के मार्गों और गलियों में लगे कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपी के निकलने के रास्ते व संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।


