मेरठ में ‘संपूर्ण सुरक्षा’ रणनीति पर कार्यशाला:HIV रोकथाम ke लिए DM ने विभागों को दिए निर्देश

मेरठ में ‘संपूर्ण सुरक्षा’ रणनीति पर कार्यशाला:HIV रोकथाम ke लिए DM ने विभागों को दिए निर्देश

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मेरठ में एक जनपद स्तरीय एडवोकेसी मीटिंग-संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सभागार में आयोजित इस कार्यशाला का विषय “सुरक्षा से सम्पूर्ण सुरक्षा तक” था। इसका मुख्य उद्देश्य एचआईवी नेगेटिव लेकिन जोखिमग्रस्त व्यक्तियों को एक ही स्थान पर समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह कार्यशाला डॉ विपुल कुमार (जिला क्षय रोग अधिकारी) और डॉ रविन्द्र कुमार गोयल (एस.एस.के नोडल अधिकारी) के नेतृत्व में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मेरठ डॉ विजय कुमार सिंह थे। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कटारिया, जेडी डॉ अशोक कुमार तालियान, एसीएमओ डॉ गजेन्द्र सिंह, डॉ विपुल कुमार और डॉ रविन्द्र कुमार गोयल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ विभा नागर, मानसिक स्वास्थ्य अधिकारी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। मीटिंग के दौरान संपूर्ण सुरक्षा रणनीति के तहत एचआईवी/एड्स, एसटीआई/आरटीआई, टीबी, एचबीवी, एचसीवी सहित अन्य सह-रोगों की रोकथाम, जांच, उपचार, परामर्श और रेफरल सेवाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण और विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने बताया कि संपूर्ण सुरक्षा केंद्र (एसएसके) के माध्यम से जोखिमग्रस्त व्यक्तियों को एक ही छत के नीचे समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर एचआईवी संक्रमण की रोकथाम को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाया जा सकता है। कार्यशाला में एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के प्रावधानों, एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों (पीएलएचआईवी) के अधिकारों, गोपनीयता की रक्षा और भेदभाव-निषेध जैसे विषयों पर भी प्रतिभागियों को संवेदनशील किया गया। विभिन्न विभागों से अपेक्षित सहयोग, आपसी समन्वय और “ब्रेक द साइलोस, बिल्ड सिनर्जीज” (अलग-थलग काम करने की प्रवृत्ति को तोड़ें, तालमेल बनाएं) की अवधारणा पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार सिंह ने कहा कि एचआईवी की रोकथाम और समग्र स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बहु-विभागीय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर संपूर्ण सुरक्षा रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *