कर्नाटक में शर्मनाक! महिला कार्यकर्ता को निर्वस्त्र करने का आरोप, BJP बोली- ‘दुशासन’ बन गई है पुलिस, मचा भारी बवाल

कर्नाटक में शर्मनाक! महिला कार्यकर्ता को निर्वस्त्र करने का आरोप, BJP बोली- ‘दुशासन’ बन गई है पुलिस, मचा भारी बवाल

कर्नाटक के हुब्बली में एक BJP महिला कार्यकर्ता सुजाता हांडी (उर्फ विजयलक्ष्मी हांडी) ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के दौरान उन्हें निर्वस्त्र कर मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक बवाल मच गया। BJP ने इसे कांग्रेस सरकार की ‘घृणा राजनीति’ करार दिया, जबकि पुलिस और गृह मंत्री ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

वोटर लिस्ट रिवीजन से शुरू हुआ विवाद

घटना 5 जनवरी की है, जब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान चालुक्या नगर में विवाद हुआ। कांग्रेस कॉर्पोरेटर सुवर्णा कल्लाकुंटला की शिकायत पर पुलिस ने सुजाता हांडी को गिरफ्तार किया। BJP का दावा है कि पुलिस वैन में महिला कांस्टेबल्स ने उन्हें निर्वस्त्र कर अस्मत लूटी। वीडियो में महिला आंशिक रूप से निर्वस्त्र नजर आ रही हैं।

BJP का तीखा हमला: ‘दुषासन सरकार’ का आरोप

विपक्ष के नेता आर. अशोक ने बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस को ‘दुषासन’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा, “महाभारत में धृतराष्ट्र अंधे थे और गांधारी ने आंखें बांध ली थीं। यहां मुख्यमंत्री सिद्धरमैया अंधे हैं और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आंखें बांध ली हैं।

अशोक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कॉर्पोरेटर के इशारे पर पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बेलगावी में दलित महिला पर हमला और मैसूरु में नाबालिग बलात्कार का जिक्र कर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए। BJP ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और महिला आयोग को पत्र लिखा है। अशोक ने चेतावनी दी कि 9 जनवरी सुबह 10 बजे तक शामिल पुलिसकर्मियों को सस्पेंड नहीं किया गया तो हुब्बली में प्रदर्शन करेंगे।

पुलिस और सरकार का पक्ष: ‘महिला ने खुद कपड़े उतारे’

हुब्बली-धारवाड़ पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि सुजाता ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए खुद कपड़े उतारे और महिला पुलिसकर्मियों पर हमला किया, कई को काटा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कपड़े पहनाए। कमिश्नर ने कहा कि महिला के खिलाफ कई केस दर्ज हैं और वीडियो रिकॉर्ड करने वालों पर कार्रवाई होगी।

गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने पुलिस के बयान का समर्थन किया और BJP पर आरोप लगाया कि वह महिला के नाम पर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि महिला ने खुद कपड़े उतारे और पुलिसकर्मियों को काटा।

दोनों पक्षों की शिकायतें, जांच जारी

कांग्रेस कॉर्पोरेटर सुवर्णा कल्लाकुंटला ने दावा किया कि SIR के दौरान BJP कार्यकर्ताओं ने BLO को प्रभावित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज की है। BJP ने प्रदर्शन किया, जिसमें मेयर और डिप्टी मेयर सहित कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *