गुरुग्राम पुलिस ने सोहना रोड स्थित एरिया मॉल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाना बादशाहपुर प्रभारी विजय पाल ने बताया कि 6 जनवरी को पुलिस को एक शिकायत मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि एरिया मॉल के अधिकृत वॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया है। संदेश में मॉल को अगले दिन नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी। आरोपी ने 5 लाख की मांगी फिरौती जब मॉल प्रबंधन ने उस नंबर पर संपर्क किया, तो आरोपी ने खुद को अपराधों में सक्रिय और प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए 5 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू की। मोबाइल सर्विलांस की सहायता से गिरफ्तार जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बादशाहपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंटस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 7 जनवरी को बेगमपुर खटोला, गुरुग्राम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डिलीवरी बॉय का काम करता है आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासु (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भागलपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में बेगमपुर खटोला, गुरुग्राम में किराए पर रहता है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है।आरोपी के खिलाफ बिहार राज्य में चोरी, मारपीट और धमकी से संबंधित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। गैंगस्टरों से संपर्क की कोशिश पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कुख्यात गैंगस्टरों की जानकारी जुटाने और उनसे संपर्क बनाने की कोशिश करता था। वॉट्सऐप पर भेजा गया धमकी भरा संदेश भी सोशल मीडिया ऐप्स की मदद से तैयार किया गया था, ताकि वह खुद को किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ दिखा सके।


