नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सपा विधायक विजय सिंह गोंड के निधन को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर बाहुबली पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बर्थडे सेलिब्रेशन से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- सपा विधायक विजय सिंह का निधन, 8 बार MLA-मुलायम सरकार में मंत्री रहे सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लखनऊ के SGPGI में निधन हो गया। वह दुद्धी सीट से 8 बार विधायक रहे। मुलायम सरकार में मंत्री रह चुके हैं। सूचना के बाद अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे, श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढ़स बंधाया। वह 71 साल के थे। उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई थीं। परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं। विधायक रहे अपने गुरु रामप्यारे पनिका को पहली बार हराया था। पढ़ें पूरी खबर 2- बर्थडे पर बृजभूषण को मिला लंदन का घोड़ा; बोले- भगवान भी आएं तो रोक दो बर्थडे पर बृजभूषण ने गोंडा में शक्ति प्रदर्शन किया। हरियाणा की फैमिली ने गिफ्ट में लंदन का घोड़ा दिया। कीमत ढाई करोड़ है। महिला तलवारबाज ने चेन पहनाई। राष्ट्रकथा मंच से बोले- संतों के अलावा भगवान भी आएं तो रोक दो। घर से 100 गाड़ियों के काफिले के साथ खुली जीप में नंदिनी निकेतन पहुंचे। बुलडोजर से फूल बरसाए गए। नंदिनी मंदिर में परिक्रमा की, साष्टांग दंडवत हो आशीर्वाद लिया। पढ़ें पूरी खबर 3- कोहरे से 4 फ्लाइट्स कैंसिल; 16 गाड़ियां भिड़ीं- 7 की मौत यूपी में कोहरे का कहर जारी है। काशी में 4 फ्लाइट्स कैंसिल, एक लखनऊ डायवर्ट किया। कोहरे के चलते सुबह प्रदेश में 7 हादसे हुए। बरेली, बनारस, हाथरस, मिर्जापुर और सोनभद्र में 16 गाड़ियां टकराईं जिसमें 7 लोगों की जान चली गई। 9 लोग घायल भी हुए। 26 जिलों में कोल्ड-डे। विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई। कल से ठंड से थोड़ी राहत की उम्मीद। सर्द हवाओं में भी कमी आ सकती है।। पढ़ें पूरी खबर 4- प्रयागराज में तेंदुए ने किया अटैक, किसान ने कमरे में बंद किया प्रयागराज में तेंदुए ने अटैक कर दिया। एक तालाब के किनारे घूमते वक्त लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने उसे पत्थर मार दिया। गुर्राते हुए भीड़ की तरफ मुड़ा तो लोग भागने लगे। दौड़ाते हुए गांव की ओर भागा। इसके बाद एक घर में घुस गया। घर में मौजूद 5 लोगों ने भागकर जान बचाई। निकलने के बाद हिम्मत दिखाते हुए किसान ने उसे कमरे में लॉक कर दिया। तेंदुए ने 2 लोगों को घायल कर दिया। पढ़ें पूरी खबर 5- लखनऊ लाए गए अमिताभ ठाकुर को कार्डियक अटैक, CPR देते हुए PGI पहुंचाया पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को कार्डियक अटैक। सूत्रों ने बताया कि लखनऊ में भर्ती, गोरखपुर से लाते समय बिगड़ी तबीयत, CPR देते हुए SGPGI पहुंचाया गया। मंगलवार देर रात में देवरिया जेल में तबीयत बिगड़ी थी। उनकी हालत को देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज से रात में ही गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात में गोरखपुर से लखनऊ रेफर किया गया। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- हापुड़ के IIT स्टूडेंट की जिम करते-करते मौत, पहले दिन वर्कआउट में कान से खून आया हापुड़ के IIT स्टूडेंट की जिम में वर्कआउट करते-करते मौत हो गई। पंजाब के रूपनगर में पहले दिन ही उसके कान से खून आया। देखते ही देखते बेहोश होकर गिर पड़ा। जमीन पर तड़पता देख गार्ड और आसपास मौजूद लोग भागकर आए। उसे कैंपस के अंदर ही अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह IIT रोपड़ में इंजीनियरिंग थर्ड ईयर का स्टूडेंट था। पिता रेलवे में डीसीपी हैं। पढ़ें पूरी खबर 7- अखिलेश यादव का आरोप-‘भाजपा ने एक करोड़ वोट बढ़वाए’, आयोग ने कहानी याद दिलाई लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। बोले- SIR की वजह से उत्तर प्रदेश में बीजेपी को नुकसान हुआ है। पार्टी ने एक करोड़ वोट बढ़ाए है। फर्जी वोट बढ़ाने वालों पर FIR हो। आयोग से पूछा था कि पहले बेइमानी हो रही थी या बाद में हो रही। चुनाव आयोग ने गुरुवार को जवाब दिया। साथ ही उन्होंने अखिलेश को ‘भेड़िया आया’ कहानी की याद भी दिलाई। पढ़ें पूरी खबर 8- प्रयागराज में 7 साल से एक पैर पर खड़े बाबा पहुंचे, माघ मेले में 30 फीट का शिवलिंग 7 साल से एक पैर पर खड़े बाबा प्रयागराज माघ मेले में पहुंचे हैं। मेले में 30 फीट का शिवलिंग भी स्थापित है। पहली बार महिला जल पुलिस तैनात की गई। रोजाना 10 लाख श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। एक हाथ में कलश, दूसरे में माला और सिर पर मुकुट धारण की रीवा की एक महिला ने भी डुबकी लगाई। कड़ाके की ठंड के बावजूद साधु-संत, अखाड़े और कल्पवासी डेरा जमाए हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर 9- मेरठ में दलित लड़की को दिनदहाड़े उठा ले गए दबंग, विरोध पर मां की हत्या मेरठ में दलित लड़की को दिनदहाड़े दबंग उठा ले गए। विरोध करने पर मां के सिर पर फरसा मारकर हत्या कर दी। गांववालों ने एंबलुेंस में तोड़फोड़ की, डेडबॉडी लेने से किया इनकार। आरोपी के घरवाले फरार। सपा विधायक अतुल प्रधान अस्पताल पहुंच परिजन से मिले। दरअसल, मां-बेटी सुबह खेत जा रहे थे। रास्ते में दबंग ने उन्हें रोका और बदतमीजी की। मां को फरसा मारकर बेटी को उठाया। पढ़ें पूरी खबर 10- आगरा में गे पार्टनर से मिलने के लिए अपहरण की कहानी रची, पुलिस को गुमराह किया आगरा में कारोबारी ने गे पार्टनर से मिलने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई। मुंबई के बिजनेसमैन ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि कार सवार बदमाश उसे किडनैपर कर हाथरस की ओर ले गए। उनके साथ मारपीट की। परिजन से ऑनलाइन फिरौती की रकम लेने के बाद उसे छोड़ा। राहगीरों की मदद से वह अपने जानने वालों के पास पहुंचा। लेकिन पुलिस की जांच में सच सामने आया। पढ़ें पूरी खबर 11- महिला प्रोफेसर बोली- डीन कहते हैं- तुम हिंदू AMU में नहीं पढ़ा सकती, गर्भपात हुआ AMU राजनीति विज्ञान विभाग की सीनियर प्रोफेसर रचना कौशल ने डीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया- डीन कहते हैं- तुम हिंदू, AMU में नहीं पढ़ा सकती, बीएचयू चली जाओ। 27 सालों से सारी तकलीफें सहकर काम करती रहीं। इस दौरान मिसकेरेज भी हो गया। FIR कराऊंगी। फिलहाल, प्रोफेसर ने कुलपति को शिकायत सौंपी है। इसमें उन्होंने ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेज भी दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर 12- वाराणसी में 10 करोड़ ठगने वाली ‘बबली’ गिरफ्तार, सोनीपत में बनाया था ठिकाना वाराणसी में थोक कारोबारियों से अलग-अलग तरीके से 10 करोड़ का चूना लगाने वाली महिला ठग ऋचा भार्गव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बनारस में माल मंगाकर उसे बेचने के बाद भुगतान किए बिना फरार हो गई थी। उसने सोनीपत के एक होटल को अपना ठिकाना बनाया था। बनारस पुलिस ने सर्विलांस के सहारे उसे दबोचा। उसके पास से नकदी के अलावा तमाम फर्जी डॉक्यूमेंट्स भी मिले। पढ़ें पूरी खबर 13- कानपुर में 7 बच्चों की मां की हत्याकर प्रेमी ने दफनाया, कब्र खोदकर शव निकाला गया कानपुर में 7 बच्चों की मां को प्रेमी ने मारकर जमीन में दफना दिया। 10 महीने तक राज छिपाकर रखा। खुलासा तब हुआ, जब महिला अपने बेटे के बुलाने पर शादी में घर नहीं पहुंची। बेटा प्रेमी के घर पहुंचा तो वह नहीं मिली। पूछा तो प्रेमी ने कहा- तुम्हारी मां अब कभी नहीं आएगी। बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार रात टॉर्च की रोशनी में 7 फीट गहरे गड्ढे को खोदकर शव बरामद किया। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- मौत से लड़कर पिता को बचा लाई बेटी, आदमखोर को गन्ने से पीटा बिजनौर में पिता को मौत के जबड़े से खींच लाई बहादुर बेटी। गुलदार ने पिता पर हमला किया और गन्ने की खेत में खींच ले गया। बेटी उनको बचाने के लिए आदमखोर के पीछे भागी। आदमखोर को गन्ने से कूट दिया। चोट से तिलमिलाए गुलदार ने उसके पिता को छोड़ दिया। इसके बाद घबराकर भाग गया। दरअसल, उसके पिता को जबड़े में जकड़कर घसीटते हुए लेकर भाग रहा था। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- कोहरे और ठंड से राहत की उम्मीद 9 जनवरी से प्रदेश में ठंड और कोहरे से आंशिक राहत के संकेत हैं। शुक्रवार से तीन दिनों तक दिन और रात के पारे में मामूली बढ़त आएगी। कोहरा हल्का होगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात


