झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के ढिकौली गांव में गुरुवार सुबह एक युवक राजघाट नहर में बह गया। 25 वर्षीय रघुवीर अहिरवार निवासी गांधीनगर, बड़ागांव अपनी बुआ अंगूरी देवी की तेरहवीं में शामिल होने ढिकौली गांव आया हुआ था। सुबह करीब 10 बजे वह नहर किनारे शौच के लिए गया था। पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा परिजनों के अनुसार रघुवीर ने मोटरसाइकिल नहर किनारे खड़ी की थी। शौच के बाद वह नहर में उतरा, तभी पैर फिसल गया और तेज बहाव में वह बह गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में नहर किनारे पहुंचे। मोटरसाइकिल और फिसलने के निशान मिले नहर किनारे रघुवीर की मोटरसाइकिल खड़ी मिली और किनारे फिसलने के निशान दिखाई दिए। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद तुरंत रक्सा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और गोताखोरों ने शुरू की तलाश सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रक्सा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम और गोताखोरों को बुलाकर नहर में तलाश कराई गई, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका। तलाशी अभियान के लिए नहर को भी बंद कराया गया है। परिवार पर टूटा दुख घटना की जानकारी पर रघुवीर के पिता छोटेलाल अहिरवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रघुवीर मजदूरी और खेती करता था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बेटा है। युवक की तलाश जारी है।


