सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष कुमार रॉय के नेतृत्व में जोन-04 और जोन-06 क्षेत्र में अभियान चलाकर कई अवैध कॉलोनियों और निर्माणों को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण ने साफ संदेश दिया है कि नियमों के खिलाफ किए गए निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। कार्रवाई के तहत जोन-04 के मौजा मवीखुर्द, रजवाहा पटरी क्षेत्र में संजय और तेलूराम द्वारा करीब 25 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह कॉलोनी बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के विकसित की जा रही थी। इसी तरह जोन-06 क्षेत्र में फतेहपुर जट्ट कॉलोनी, सेक्टर-7, नवादा रोड पर अबरार, शाहनवाज, तेजरियान और जावेद द्वारा करीब 20 हजार वर्गमीटर भूमि पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी को भी बुलडोजर चलाकर समाप्त कर दिया गया। इसके अलावा नकुड़ रोड पर प्रज्ञान स्थली स्कूल के पास ऋषि कुमार, धर्मेंद्र और प्रताप द्वारा लगभग 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में किए जा रहे अनधिकृत विकास को भी कार्रवाई के दायरे में लेते हुए ध्वस्त किया गया। पूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई का संचालन अधिशासी अभियंता सार्थक शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सहायक अभियंता वीरेश कुमार राना और अम्बरीश कुमार, अवर अभियंता प्रदीप कुमार गोयल और शोएब आलम सहित तकनीकी व फील्ड टीम मौजूद रही। मेट्स, आउटसोर्सिंग स्टाफ और जेसीबी चालकों के सहयोग से यह अभियान प्रभावी ढंग से पूरा किया गया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष कुमार रॉय ने कहा कि शहर का भविष्य अवैध निर्माणों की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नियोजित विकास ही सहारनपुर की पहचान बनेगा और यही प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


