शादी की साजिश रचकर में चोरी:सगाई के बाद जबरजस्ती लड़की को घर में भेजा, खुलासा होने पर फर्जी केस में फंसाने की धमकी

लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र में एक महिला ने जान-पहचान के लोगों पर साजिश के तहत जेवर चोरी करने और झूठे मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक पूरी साजिश की शुरुआत बेटे की शादी के प्रस्ताव से हुई। जो बाद में बड़ी ठगी और डराने-धमकाने में बदल गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। न्यू मुन्नू खेड़ा स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी में रहने वाली पूनम पाण्डे पत्नी सतेन्द्र कुमार पाण्डे ने बताया कि उनका परिचित विक्की गुप्ता, उसकी महिला मित्र साधना और साधना का बेटा प्रेम उनके घर आते-जाते थे। इसी दौरान इन लोगों ने साजिश के तहत उनके बेटे सचिन की शादी का प्रस्ताव रखा और एक पायल नाम की लड़की से मिलाया। आरोप है कि लड़की के बारे में बताया गया कि उसकी मां सौतेली है और पिता उस पर अत्याचार करता है, जिससे पीड़िता भावनात्मक रूप से प्रभावित हो गईं। अचानक से घर में लाकर रख दिया इसके बाद जल्दी सगाई करने का दबाव बनाया गया और पायल के साथ बेटे की सगाई कर दी गई। सगाई के करीब तीन महीने बाद आरोपी पायल को लेकर पीड़िता के घर पहुंचे और जान का खतरा बताते हुए उसे घर में रखने की बात कही। दबाव में आकर पीड़िता ने पायल को घर की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में रहने दिया।इस दौरान पायल ने घर में रखे जेवर और कीमती सामान की जानकारी जुटा ली। 8 अगस्त 2025 को रक्षा बंधन पर जब पीड़िता अपने पति के साथ गोरखपुर गई थीं और बेटा मुंबई में था, तब पायल घर में अकेली थी। इस दौरान पायल, विक्की, साधना और प्रेम ने मिलकर अलमारी में रखे पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। बदलने लगा व्यवहार पीड़िता का कहना है कि 11 अगस्त को वापस लौटने के बाद पायल का व्यवहार अचानक उग्र हो गया। वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगी और सगाई तोड़ने की धमकी देने लगी। जब पीड़िता ने अलमारी खोली तो सारा जेवर गायब मिला। पायल से पूछा तो वो पीड़िता और उनके पति को झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देते हुए घर छोड़ दिया। जब इस बारे में विक्की गुप्ता से बात की गई तो उसने भी झगड़ा किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 15 सितंबर 2025 की रात पीड़िता घर पर अकेली थीं तब पायल, विक्की, साधना, प्रेम समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और गेट खोलने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगे। उसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर सभी वहां से चले गए। पुलिस ने कार्रवाई नहीं कि तो कोर्ट पहुंची इसके बाद से आरोपी पक्ष अलग-अलग जगह प्रार्थना-पत्र देकर उन पर दबाव बना रहा है, ताकि जेवर चोरी के मामले में वह कोई कानूनी कार्रवाई न कर सकें। प्रताड़ना ने तंग महिला ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर महिला ने कोर्ट की शरण ली। पारा इंस्पेक्टर का कहना है कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *