विदिशा रोड पर जेसीबी से हटाया गया कब्जा:दुकानों-प्रतिष्ठानों के बाहर बने पक्के निर्माण तोड़े गए

विदिशा रोड पर जेसीबी से हटाया गया कब्जा:दुकानों-प्रतिष्ठानों के बाहर बने पक्के निर्माण तोड़े गए

अशोकनगर शहर के विदिशा रोड पर गुरुवार को अवैध अतिक्रमण हटाया गया। दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों के बाहर लोगों द्वारा बनाए गए स्लैब और सीढ़ियों जैसे पक्के निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। तोड़ने से पहले इन स्थानों को चिन्हित किया गया था। यह कार्रवाई मिलन तिराहा से शुरू हुई और विदिशा रोड पर एचडीएफसी चौराहे तक की जाएगी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ नगर पालिका सीएमओ विनोद उन्नीथन और पुलिस की टीम मौजूद रही। नगर पालिका की टीम ने दुकानों के बाहर रखे गए कुछ सामान को भी हटाकर जब्त किया। शहर में मुख्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने का यह तीसरा दिन है। इस दौरान आज भी बड़े अतिक्रमण तोड़े गए, जिससे मौके पर भारी मात्रा में निर्माण का मलबा दिखाई दिया। इससे पहले शहर के गांधी पार्क से स्टेशन रोड, इंदिरा पार्क रोड और अस्पताल चौराहे से महात्मा बाद तक का अतिक्रमण हटाया जा चुका है। अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने सड़कों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए पहले से ही एक रोडमैप तैयार कर लिया था, जिसके तहत यह कार्रवाई लगातार चल रही है। इन स्थानों के अलावा कुछ और जगहों को भी चिन्हित किया गया है, जहां आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाया जाएगा। दरअसल, दुकानदार दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर काफी दूर तक सामान रख देते थे। साथ ही कुछ लोगों ने सीढ़ियां बनाकर या पक्का निर्माण करके अतिक्रमण किया था, जिससे सड़कों की चौड़ाई काफी कम रह जाती थी और यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती थी। इन्हीं समस्याओं से निजात दिलाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *