धार में 10-11 जनवरी को अखिल भारतीय अग्रवाल परिचय सम्मेलन:देश के 10 राज्यों से 800 से ज्यादा युवक-युवतियां होंगे शामिल

धार में 10-11 जनवरी को अखिल भारतीय अग्रवाल परिचय सम्मेलन:देश के 10 राज्यों से 800 से ज्यादा युवक-युवतियां होंगे शामिल

धार में मध्यप्रदेश अग्रवाल महासभा द्वारा 10 और 11 जनवरी को दो दिवसीय अखिल भारतीय विवाह योग्य अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को सम्मेलन समिति के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेसवार्ता में मुख्य संयोजक अनंत अग्रवाल, मनोहरलाल अग्रवाल, बबन अग्रवाल, संयोजक गोपीकिशन अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष आशीष गोयल और प्रांतीय उपमंत्री पराग अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा, पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता, अग्रवाल महासभा के कैलाश मित्तल, वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश के सुधीर अग्रवाल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी और नगर पालिका अध्यक्ष नेहा बोढ़ाने प्रमुख हैं। सुदृढ़ परंपराओं को सशक्त करना लक्ष्य
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर परिचय का अवसर प्रदान करना है। इसका लक्ष्य पारिवारिक संवाद को बढ़ावा देना और समाज में सुदृढ़ वैवाहिक परंपराओं को सशक्त करना भी है, जिससे व्यस्त जीवनशैली में उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश आसान हो सके। सम्मेलन की तैयारियां पिछले तीन महीनों से जारी हैं। अब तक देश के 10 से अधिक राज्यों से 500 से अधिक युवकों और 300 से अधिक युवतियों के बायोडाटा प्राप्त हुए हैं। इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, एमबीए, सीए, एमसीए जैसे उच्च शिक्षित और स्वयं के व्यवसाय में स्थापित प्रत्याशी शामिल हैं। आयोजन के लिए 35 से अधिक समितियों का गठन किया गया है, जिनमें 65 युवा, 105 मातृशक्ति और 80 समाजजन सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
स्वास्थ्य शिविर भी उपलब्ध रहेगा
बाहर से आने वाले प्रत्याशियों और उनके अभिभावकों के लिए निशुल्क आवास की व्यवस्था की गई है। सम्मेलन स्थल पर कुंडली मिलान, अभिभावक एवं युवक-युवती चर्चा कक्ष, ऑनलाइन इंटरव्यू सुविधा और एक स्वास्थ्य शिविर भी उपलब्ध रहेगा। 10 जनवरी की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त, अपनी शादी के 50 वर्ष पूरे कर चुके लगभग 29 वैवाहिक जोड़ों को ‘अग्र माधवी स्वर्णिम युगल सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। प्रेसवार्ता में कैलाश मालक, दीपक अग्रवाल, सतीशचंद्र अग्रवाल, दिलीप सांघी और मुरली अग्रवाल भी उपस्थित थे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी श्याम मंगल लेबड़ और अशोक मित्तल ने दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *