प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र के छिबैया गांव में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी घर में घुस गया। तेंदुआ सुबह करीब 6 बजे बैटरी मैकेनिक शेखर ठाकुर के घर में घुसा। तेंदुए ने परिवार के दो लोगों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। हमले के बाद घरवालों ने किसी तरह तेंदुए को कमरे में बंद कर बाहर निकलकर जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग को जानकारी दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कानपुर से फॉरेस्ट विभाग की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। एहतियातन इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की तैयारी में जुटी है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….


