मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृहमंत्री का संकल्प पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने जी-राम-जी योजना को मनरेगा से बेहतर बताया और कहा कि इससे मजदूरों का मजदूरी भुगतान समय पर होगा और पहले से अधिक दिन काम मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को अंबिकापुर प्रवास पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के घर पहुंचकर उनकी माता स्वर्णलता सिंहदेव के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की और श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती स्वर्णलता सिंहदेव का निधन 26 दिसंबर को हो गया था। तीन माह में संकल्प करेंगे पूरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के नक्सल मुक्त होने के सवाल पर कहा कि तीन माह में छत्तीसगढ़ को नक्सली मुक्त कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृहमंत्री का संकल्प पूरा होगा। छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने एवं नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। मनरेगा से बेहतर है नया अधिनियम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नया अधिनियम कई मामलों में मनरेगा से बेहतर है। इसमें सौ दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान है। मजदूरों को 25 दिन ज्यादा रोजगार मिलेगा। इसमें मजदूरी भुगतान के लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया गया है। यदि समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है तो उसमें पेनल्टी देनी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अधिनियम में किसानों को भी बड़ी राहत है। फसलों की बोआई व कटाई के समय किसानों को मजदूर नहीं मिलने से तकलीफ होती है। साल में दो माह छुट्टी रहेगी तो बोआई एवं कटाई के दौरान किसानों का भला होगा। पत्रकारों से चर्चा के दौरान मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित थे।


